Women Empowerment

महिला सशक्तिकरण

देश में आधी आबादी महिलाओं की है और वे फैसले लेने की प्रक्रिया में बराबरी के हक की दावेदार हैं।

आज, हमारे सामने इसरो वैज्ञानिकों से लेकर खिलाड़ियों तक हर क्षेत्र में प्रेरणादायक रोल-मॉडल मौजूद हैं। लेकिन, हमें जन्म के साथ ही शुरु हो जाने वाले पूर्वाग्रहों से लेकर पोषण, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, रोजगार, संसाधनों और जीवन-अवसरों में महिलाओं को उनके हिस्से से वंचित किए जाने के चलन को समाप्त करने तक बहुत कुछ करने की जरुरत है। कांग्रेस पार्टी और मैं इसको साकार करने के लिये हरसंभव प्रयास करने के प्रति संकल्पबद्ध हैं।

महिलाओं के खिलाफ हिंसा से जुड़े आंकड़े अक्सर पूरी कहानी बयां कर देते हैं, लेकिन हमें इसके समाधान की दिशा में तत्परता से कदम उठाने की जरूरत है। हमें महिलाओं की सुरक्षा और संरक्षा की चिंता करनी चाहिए और हमें उनकी स्वतंत्रता पर भी ध्यान देना चाहिए। वे इस देश की नागरिक हैं- जिनकी आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक आवाज होनी चाहिए़, जिसकी गारंटी भारत का संविधान प्रदान करता है।

कांग्रेस सरकार ने ही जेंडर बजटिंग की शुरुआत की थी और हमारी मनरेगा जैसी नीतियों में हर कदम पर - चाहे समान मजदूरी हो, लेखापरीक्षा में भागीदारी हो और बैंक खातों में सीधे भुगतान हो - महिलाओं को ध्यान में रखा गया। सैनिटरी पैड पर जीएसटी खत्म करवाने के हमारे हाल के सफल अभियान की तरह ही महिलाओं की मदद करने वाला हर कदम हमारा अभियान है।

भारतीय महिलाओं की सामाजिक पहचान चाहे जो भी हो, विरासत, विवाह, अलगाव, पति-पत्नी का सहयोग आदि में वे भी समान अधिकारों की हकदार हैं। हम इसके लिये पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। आर्थिक सशक्तिकरण के साथ ही यह भी प्रासंगिक है कि हमारा देश महिलाओं के समान राजनीतिक प्रतिनिधित्व की मांग करता है। यूं तो कई राज्यों में पंचायतों में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण है, फिर भी राज्यों की विधानसभाओं और संसद में उनका प्रतिनिधित्व शर्मनाक तरीके से काफी कम है। वर्तमान में सिर्फ 11 प्रतिशत सीटों पर ही महिलाएं काबिज़ हैं और यह सूरत बदलनी चाहिए। कांग्रेस ने संसद में महिला आरक्षण बिल का समर्थन किया और इसे राज्यसभा में पारित भी किया, लेकिन दुर्भाग्य से अब यह कालातीत हो गया। हमने इसे पारित कराने के लिये मौजूदा सरकार को पूर्ण समर्थन देने की पेशकश की है। हमें नीतियां बनाने, पार्टी संगठन को मजबूत करने और उज्जवल भविष्य की राह दिखाने के लिए महिलाओं की जरूरत है।

Stay in the Loop

Message